पवन सिंह की बर्थडे पार्टी में हंगामा

फैंस बेकाबू होने पर स्टेज पर सुरक्षाकर्मियों से हुई हाथापाई

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में भोजपुरी स्टार पवन सिंह की बर्थडे पार्टी के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब उनके स्टेज पर पहुंचने से पहले ही फैंस बेकाबू हो गए। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल सेंट्रम में आयोजित पार्टी में एक युवक अचानक स्टेज पर चढ़ गया। सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। कुछ देर बाद पवन सिंह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जिसके बाद पार्टी सामान्य रूप से आगे बढ़ी। स्टेज पर चढ़ने वाले युवक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

दरअसल, सोमवार को पवन सिंह ने अपने 40वें जन्मदिन के अवसर पर भव्य पार्टी का आयोजन किया था। इस दौरान उनकी मां ने स्टेज पर उन्हें गले में चेन पहनाई, जिसे देखकर पवन सिंह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि मां है तो जीवन है, मां नहीं तो कुछ भी नहीं। मां का आशीर्वाद मिलने के बाद अब वह हर लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
पार्टी में जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने पवन सिंह के साथ केक काटा और एक-दूसरे को केक खिलाया। इस दौरान धनंजय सिंह ने पवन सिंह और उनकी मां के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन भी बिहार से लखनऊ पहुंचकर पवन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे। पवन सिंह ने उनका आशीर्वाद लेते हुए पैर छुए।
कार्यक्रम में चंदौली से भाजपा विधायक सुशील सिंह और जौनपुर से एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू भी मौजूद रहे। वहीं, एक दिन पहले पवन सिंह की एक महिला के साथ केक काटते हुए तस्वीरें सामने आने के बाद उनकी निजी जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं भी तेज रहीं। पार्टी के दौरान पवन सिंह ने दर्शकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि देश-विदेश में जहां भी रहते हैं, उन्हें अपार प्यार मिलता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *