संगम स्नान को आई महिला ने मेला क्षेत्र में दिया बेटी को जन्म, नाम रखा गंगा

प्रयागराज माघ मेले में एक ऐतिहासिक और भावुक पल उस वक्त देखने को मिला, जब मेला क्षेत्र के गंगा अस्पताल में पहली बार सुरक्षित डिलिवरी कराई गई. मध्यप्रदेश से संगम स्नान के लिए आई महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया. जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और परिवार ने बेटी का नाम गंगा रखा.
प्रयागराज : यूपी के प्रयागराज में चल रहे माघ मेले से एक सुखद और ऐतिहासिक खबर सामने आई है. माघ मेले में स्थापित गंगा अस्पताल में पहली बार किसी महिला की डिलिवरी कराई गई है. इस खास मौके पर मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले से संगम स्नान के लिए आई महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया. माघ मेले के दौरान अस्पताल में हुई इस पहली डिलिवरी को लेकर स्वास्थ्य विभाग और मेला प्रशासन में खुशी का माहौल है.
मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के नेहरा गांव की रहने वाली रागिनी अपने पति सुनील कुमार के साथ माघ मेले में संगम स्नान के लिए प्रयागराज पहुंची थी. दोनों सेक्टर चार में ठहरे हुए थे. शनिवार सुबह अचानक रागिनी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई. परिजनों ने बिना देर किए मेला क्षेत्र में ही बने सेक्टर पांच स्थित गंगा अस्पताल में महिला को भर्ती कराया.
गंगा अस्पताल में कराया गया सुरक्षित प्रसव
गंगा अस्पताल में मौजूद गाइनेकोलॉजिस्ट और मेडिकल स्टाफ ने पूरी सतर्कता के साथ रागिनी का इलाज शुरू किया. डॉक्टरों की निगरानी में महिला की नार्मल डिलीवरी कराई गई. कुछ ही समय बाद रागिनी ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह माघ मेले के दौरान गंगा अस्पताल में हुई पहली डिलिवरी है.
