अपना दल का जनाधार कुर्मी समाजः बता दें कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कुर्मी बिरादरी से आते हैं और महाराजगंज से सात बार के सांसद रह चुके हैं. भाजपा की यह नियुक्ति 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए ओबीसी वोट बैंक, खासकर कुर्मी समाज को मजबूती देने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है. उत्तर प्रदेश में कुर्मी समाज की आबादी लगभग 7-8 प्रतिशत है, जो कई विधानसभा क्षेत्रों में निर्णायक भूमिका निभाती है. भाजपा पहले भी कुर्मी नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष बना चुकी है. लेकिन इस बार यह कदम अपना दल (एस) के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है. क्योंकि अनुप्रिया पटेल भी कुर्मी समाज से हैं और उनका जनाधार मुख्य रूप से पूर्वांचल में कुर्मी वोटरों पर टिका है.
भाजपा के कुर्मी प्रदेश अध्यक्ष से अनुप्रिया पटेल की बढ़ी टेंशन
लखनऊ: भाजपा ने कुर्मी समाज के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है. इस फैसले के बाद एनडीए के सहयोगी दल अपना दल (सोनेलाल) में तेजी से हलचल मच गई है. पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने इस नियुक्ति को गंभीरता से लिया है और संगठन को मजबूत करने की नई रणनीति पर काम शुरू कर दिया है.
