नए साल पर अयोध्या, काशी और मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। अयोध्या में रामलला और वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए करीब 2-2 किलोमीटर लंबी कतारें लगी हुई हैं। श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। काशी विश्वनाथ धाम में सुरक्षा और व्यवस्थाएं बढ़ा दी गई हैं, फिर भी भीड़ लगातार बढ़ रही है।
वृंदावन में हालात और भी चुनौतीपूर्ण हैं। बांके बिहारी मंदिर के आसपास महाकुंभ जैसी भीड़ जमा है, जहां पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। मंदिर प्रशासन और पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। हालात को देखते हुए बांके बिहारी मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 5 जनवरी के बाद ही दर्शन के लिए आएं। प्रशासन का कहना है कि इससे भीड़ का दबाव कम होगा और सभी श्रद्धालु सुरक्षित व सुगम दर्शन कर सकेंगे।

